सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा के लिए मुश्किल का सबब बना 'रहस्यमयी रजिस्टर' क्या उन्हीं की पत्नी के इशारों पर तैयार किया गया था?
2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले के आरोपियों के साथ सिन्हा की मुलाकात का मामला सामने आने के बाद चर्चा में आया रजिस्टर किसने तैयार किया और लीक करने के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
खुद रंजीत सिन्हा इसे किसी 'भीतरी व्यक्ति' का काम बता चुके हैं। इन्हीं कयासों के बीच एक अंग्रेजी समाचार पत्र ने आशंका जताई है कि रंजीत सिन्हा से मुलाकात करने वालों का रजिस्टर उनकी पत्नी ने तैयार कराया था।
आईटीबीपी के संतरियों ने तैयार किया रजिस्टर!
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, सीबीआई और आईटीबीपी के सूत्रों का कहना है कि रंजीत सिन्हा से मिलने वालों का रजिस्टर अनौपचारिक रूप से तैयार किया गया था और उसे केवल सिन्हा की पत्नी के कहने पर ही तैयार किया गया रहा होगा।
दरअसल, सिन्हा की पत्नी की इच्छा थी की उनके आवास पर आनेजाने वाले हर व्यक्ति का ब्योरा रखा जाए।
संभवतः ये रजिस्टर सिन्हा की सुरक्षा में लगे आईटीबीपी के संतरियों ने तैयार किया था। सिन्हा सीबीआई का निदेशक बनने से पहले आइटीबीपी के चीफ थे, आईटीबीपी के पास ही उनकी सुरक्षा का जिम्मा था।
सुप्रीम कोर्ट ने रजिस्टर को संज्ञान में लेने से मना किया
सिन्हा से जब उस रजिस्टर के बारे में पूछा गया था, तब उन्होंने बताया था कि उनके आवास पर दो डायरियां थी। पहली डायरी में उनके आनेजाने के बारे में जानकारियां था और दूसरी डायरी में सुरक्षा संबंधित विवरण थे। लेकिन मुलाकातियों के रजिस्टर के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को 2जी मामले की सुनवाई में उस रजिस्टर को संज्ञान में लेने से मना कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि वह सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा के घर में प्रवेश करने वाले लोगों (अभियुक्तों) की सूची से संबंधित दस्तावेजों पर तब तक संज्ञान नहीं ले सकता। जब तक कि यह दस्तावेज रिकार्ड में नहीं लिए जाते।