एक आईआरएस ऑफिसर के अपनी पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे दहेज के लिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पत्नी की शिकायत पर ऑफिसर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित पत्नी भी असिस्टेंट इन्कम टैक्स ऑफिसर है।
बंगलूरू के रहने वाले भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी निशवंत दावराजन कुल्लूलाथिल के साथ ही उसकी मां और बहन के खिलाफ भी घरेलू हिंसा, यौन प्रताड़ना और दहेज रोकथाम कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। निशवंत की पत्नी ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत में कहा है कि 6 फरवरी और 3 सितंबर को पति ने नागपुर में उसके हॉस्टल के कमरे में उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए और उसका वीडियो भी बना लिया।
पत्नी ने कहा कि बाद में निशवंत ने धमकी देना शुरू कर दिया कि यदि 10 लाख रुपये नहीं दिए तो वह यह वीडियो इंटरनेट पर डाल देगा। निशवंत की पत्नी ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी सास और ननद ने भी उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़नाएं दीं। पुलिस ने निशवंत और उसके परिवार की तलाश में एक टीम बंगलूरू भेजी है, ताकि मामले की आगे जांच हो सके।