बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की कुंडली मिलाकर सुर्खियों में आए ज्योतिषी चंद्रशेखर भट्ट के ठाट बाट के आगे राजा-महाराजाओं की शान भी फीकी पड़ती है।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने जब ज्योतिषी महाराज के घर जब छापा मारा तो खुद आयकर अधिकारियों की आंखे फटी रही गईं।
बंगलुरू के पास मुलकी में आलीशान बंगले में रहने वाले ज्योतिष और कारोबारी स्वामी चंद्रशेखर भट्ट के घर पर इनकम टैक्स अधिकारियों को सोने-चांदी की भरमार मिली।
अधिकारियों को बेडरूम की तलाशी लेने पर 15 किलो सोने का बेड, 50 किलो से ज्यादा चांदी, गोल्ड बार्स और करोड़ों रुपये का कैश मिला। स्वामी के पास मौजूद पैसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके तकिए के नीचे से ही 15 लाख रुपये बरामद किए गए।
ज्योतिष के अलावा चंद्रशेखर रियल एस्टेट कारोबार में भी दखल रखता है। चुनाव के दौरान करोड़ों का लेन-देन करने पर इनकम टैक्स के शक दायरे में आए स्वामी के बंगले पर जब टीम ने छापा मारा तो बंगलुरु के सबसे पॉश इलाके में बने उसके 10 करोड़ रुपये के बंगले में दाखिल होते ही सबसे पहले उन्हें लक्जरी बीएमडब्ल्यू, लेक्सस और बीटल जैसी महंगी और लक्जरी गाड़ियां खड़ी दिखी।
बेडरूम में जाने पर सोने का बेड, इधर-उधर रखी सोने-चांदी की चीजें और करोड़ों की नकदी भी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि स्वामी का बाथरूम 2 करोड़ रुपये की लागत से बना है। स्वामी खुद भी सोने से लदे नजर आते हैं। यहां तक कि स्वामी के कुर्ते के बटन भी हीरे के बने होते हैं।
चंद्रशेखर स्वामी को उसके पेश में सबसे ज्यादा प्रसिद्धि अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की कुंडली मिलाने से मिली। बच्चन परिवार से स्वामी की मुलाकात अमिताभ बच्चन के भाई अजिताभ ने कराई थी, वहीं ऐश्वर्या का परिवार पहले से स्वामी से परिचित था।
बताया जा रहा है कि राजनीति, कारोबार और फिल्मी दुनिया में चंद्रशेखर की गहरी पैठ है। स्वामी के मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े होने का शक है। आयकर विभाग ने चंद्रशेखर और उसकी प्रेमिका के घर पर एकसाथ छापा मारा।
पॉश इलाके में स्थित उसकी प्रेमिका के फ्लैट की कीमत करीब 80 लाख रुपये है। यहां से भी करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा बेनामी संपत्ति मिली है।