उत्तर प्रदेश में पावर कॉरपोरेशन अब घर बैठे ही उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल पर बिजली बिल की जानकारी मैसेज से उपलब्ध करवाएगा। पावर कॉरपोरेशन दिसंबर से इस नई योजना को शुरू करेगा। इसके तहत बिजली बिल जनरेट होते ही सीधे उपभोक्ताओं के मोबाइल और ईमेल पर पहुंचेगा।
योजना के पहले चरण में 25 किलोवाट और इससे ज्यादा लोड वाले कनेक्शनों को शामिल किया जाएगा। दूसरे चरण में छोटे घरेलू कनेक्शनों के बिल भी एसएमएस और ईमेल पर भेजे जाएंगे। कारपोरेशन ने इसके लिए उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबरों और ईमेल आईडी जुटाना शुरू कर दिया है। मीटर रीडिंग लेने के दौरान उपभोक्ताओं का डाटा कलेक्ट किया जा रहा है। इसके बाद डाटा बेस तैयार कर कॉरपोरेशन इसे निजी आईटी कंपनी को उपलब्ध करवाएगा। कंपनी के आईटी एक्सपर्ट सॉफ्टवेयर से योजना को धरातल पर उतारेंगे।
समय बचेगा और पेनाल्टी से मिलेगी निजात
पावर कॉरपोरेशन की एसएमएस से बिल भेजने की हाईटेक सेवा शुरू होने के बाद लोगों का बिल निकलवाने में लगने वाले समय और खर्च की बचत होगी। इतना ही नहीं बिल न मिलने से अक्सर लोग जमा करना ही भूल जाते हैं। ऐसी स्थिति में पेनाल्टी से भी लोगों को निजात मिल जाएगी। मोबाइल या ईमेल पर मिलने वाला एसएमएस उपभोक्ताओं को बिल की ड्यू डेट से पहले ही अलर्ट कर देगा।
कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं
पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर पीके माहेश्वरी ने बताया कि योजना के लिए आईटी कंपनी से करार हो चुका है। प्रारंभिक दौर में पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारी ही डाटा कलेक्ट करेंगे। इसके बाद आईटी कंपनी काम शुरू करेगी। इस सेवा के लिए उपभोक्ताओं से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।