स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी और शीना बोरा हत्याकांड की प्रमुख आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने दस दिन के बाद अपना जुर्म कबूल लिया है। सूत्रों के अनुसार कई घंटे की पूछताछ के बाद इंद्राणी ने स्वीकार कर लिया कि उसने ही 24 अप्रैल 2012 में अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या की थी।
इसके साथ ही एक नया खुलासा हुआ है कि इंद्राणी और संजीव खन्ना मिलकर शीना को मारने की प्लानिंग जनवरी 2012 में शुरू की और अप्रैल में इसे अमली जामा पहना दिया। अब तक की जांच में जो सामने आया है उसके मुताबिक, इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्याम राय ने पहले ही 24 वर्षीय शीना बोरा की हत्या का गुनाह कबूल कर लिया था लेकिन इंद्राणी बीते दस दिन से शातिराना तरीके से पुलिस को गुमराह कर रही थी।
शीना बोरा अपनी मां इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी की पहली पत्नी शबनम से पैदा हुए बेटे राहुल से प्रेम करती थी और राहुल भी उसे चाहता था। दोनों 2012 में शादी करने की भी तैयारी में थे। शीना बोरा और राहुल की नजदीकी इंद्राणी को कतई मंजूर नहीं थी।
पीटर ने इंद्राणी से शादी के समय विधि को गोद ले लिया था, जबकि विधि इंद्राणी के पहले पति संजीव से पैदा हुई थी। इसलिए इंद्राणी यह नहीं चाहती थी कि विधि की संपत्ति में कोई बंटवारा हो।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार शीना बोरा की हत्या की साजिश जनवरी 2012 से बननी शुरू हुई थी। उस समय इंद्राणी लगातार अपने पूर्व पति संजीव खन्ना से स्काइप से बात करती थी और लगातार उसके संपर्क में थी।
पुलिस के सवालों में घिरे पीटर मुखर्जी
शीना बोरा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोबारा स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी को तलब किया। मुंबई पश्चिम उपनगर के खार थाने में पीटर से पुलिस ने लंबी पूछताछ की।
मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने इकोनॉमिक विंग के अफसरों की मौजूदगी में पीटर से संपत्ति और उनके कारोबार से जुड़े सवाल पूछे। पीटर मुखर्जी जब थाने पहुंचे तो मीडिया की भीड़ इकट्ठा थी। हालांकि उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और न ही किसी सवाल का जवाब ही दिया लेकिन वह पूरी तरह हताश नजर आ रहे थे।
शीना बोरा की हत्या के मामले में बुधवार को उनसे पुलिस ने करीब 12 घंटे पूछताछ की थी। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार दूसरे दिन पीटर को इसलिए थाने बुलाया गया जिससे उनकी पत्नी इंद्राणी मुखर्जी के बयान के साथ तालमेल बिठाया जा सके। इसके साथ पुलिस आईएनएक्स मीडिया की संयुक्त कंपनी बनाने को लेकर इंद्राणी के बयानों की भी पुष्टि करना चाहती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार को पीटर से जो सवाल पूछे गए थे वही सवाल अकेले में पुलिस ने इंद्राणी से भी पूछा था। खबर है कि इस दो दिन की पूछताछ में स्टार इंडिया के पूर्व मुखिया पीटर मुखर्जी कई मामलों में शक के घेरे में हैं।
इन सवालों पर पीटर को आया पसीना
पुलिस ने एक बार फिर उनसे वित्तीय लेनदेन, विभिन्न कंपनियों में उनके शेयर, उनके निवेश के अलावा इंद्राणी, उनके पुत्र राहुल, शीना और सौतेली बेटी विधि के बारे में भी सवाल किए।
उनसे यह भी पूछा गया कि उन्होंने इंद्राणी को कितनी रकम दी थी। शीना के खाते में रकम जमा होने के बारे में उन्हें क्या जानकारी है। क्या सन 2012 में शीना और उसके पुत्र राहुल की शादी होने वाली थी।
शीना हत्याकांड में पैसे का कितना रोल है। कितने पैसे विदेश से मंगाए और मुंबई से लेकर कोलकाता तक कितने पैसे विदेशी बैंकों में ट्रांसफर किए गए। समझा जा रहा है कि पुलिस ने वित्त मंत्रालय से वह रिपोर्ट भी मंगाई है जिसमें पीटर मुखर्जी और इंद्राणी मुखर्जी से संबंधित कंपनियों का पूरा ब्योरा है। इससे पहले बुधवार को पुलिस ने पीटर के घर की तलाशी ली थी।
सूत्रों का कहना है कि शीना की हत्या के मामले में पीटर मुखर्जी जानबूझकर अनजान बने रहे जबकि उन्होंने ही इंग्लैंड से दादर स्थित ए एम मोटर्स के मालिक को फोन कर इंद्राणी को गाड़ी देने के लिए कहा था। उसी गाड़ी में शीना की हत्या की गई और उसके बाद रायगढ़ जिले में पेण के पास गगोर्डे खुर्द गांव के जंगल में उसे जलाकर फेंक दिया गया था। इसलिए पुलिस का शक गहरा गया है। इसलिए पुलिस हर एंगल से केस को खंगालने में जुटी है।