भारत और पाक दुनिया में सबसे खतरनाक जगह हैं। राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के प्रशासन में विदेश मंत्री रह चुके अमेरिका के पूर्व राजनयिक जॉर्ज शुल्ट्ज ने यह बात कही है।
1982 से 1989 तक विदेश मंत्री रहे जॉर्ज शुल्ट्ज ने मंगलवार को विदेश संबंध परिषद की बैठक में जाने से पहले कहा कि मेरी नजर में इस समय दुनिया के सबसे खतरनाक क्षेत्र भारत-पाक हैं।
उन्होंने कहा कि आप और वे आसानी से कल्पना कर सकते हैं कि कुछ दुष्ट समूह एक दूसरा मुंबई हमला कर सकते हैं और भारत ज्यादा सावधान नहीं होगा। फिर एकाएक स्थिति आपके नियंत्रण से बाहर हो जाएगी और अगले दिन कश्मीर में एक-दूसरे पर गोलीबारी होने लगेगी।
शुल्ट्ज ने यह बात उस समय कही जब वे परमाणु हथियारों के दुरुपयोग की आशंका और ईरान के आक्रामक रवैए के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उसी के संदर्भ में उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि यह बहुत खतरनाक क्षण है। ऐसे में यदि ईरान एमटी हथियार हासिल कर लेता है तथा इसका और अधिक प्रसार करता है तो आपको आणविक सामग्री पर पकड़ बनाकर रखनी होगी।
हालांकि उन्होंने कहा कि आणविक सामग्री पाना सबसे मुश्किल काम है। लेकिन अगर आपके पास हथियार स्तर का यूरेनियम है तो इसे प्लूटोनियम से निकालकर बनाने की तुलना में बम बनाना बहुत आसान होगा। राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से परमाणु हथियारों के दुरुपयोग को रोकने की पहल की शुल्ट्ज ने खूब तारीफ की।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ने एक सबसे अच्छा काम यह किया कि उन्होंने आणविक सामग्री पर बेहतर नियंत्रण के लिए 40 राष्ट्राध्यक्षों का एक समूह बनाया। इसके बाद ओबामा ने सोल में फॉलोअप मीटिंग करवाई। शुल्ट्ज ने कहा मुझे लगता है कि करीब 50 राष्ट्राध्यक्षों ने इस पर काम किया।