भारत में इस बार फैलिन का खतरा मंडराया तो राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र की सटीक भविष्यवाणी से राज्यों को इस मुसीबत से लड़ने में सहायता मिली।
भारतीय मौसम विभाग से कहीं उन्नत तकनीक वाले अमेरिकी नेवी के मौसम विभाग की भविष्यवाणी फेल हो गई। अमेरिकी नेवी ने फैलिन को सुपर साइक्लोन घोषित किया था।
राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों ने आठ अक्तूबर को ही चेतावनी जारी कर दी थी कि 12 की रात को वेरी सीवियर साईक्लोन उड़ीसा और आंध्र पर टकराएगा।
चेतावनी में बताया गया था कि यह 119 से लेकर 220 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तटों पर टकराएगा। इसके अलावा यह करीब 150 से 250 किलोमीटर क्षेत्रफल का होगा।
दूसरी तरफ, अमेरिकी नेवी के मौसम विभाग ने दावा किया था कि फैलिन भारत के क्षेत्रफल से लगभग आधे क्षेत्रफल का है। वहीं, यह सुपर साइक्लोन से भी अधिक तीव्रता का होगा।
यह रफ्तार 315 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टकराएगा। शनिवार को फैलिन जब उड़ीसा के गोपालपुर में टकराया तो इसकी रफ्तार 210 किलोमीटर और क्षेत्रफल लगभग 150 किलोमीटर का ही रहा।
इस दौरान इसको वेरी सीवियर साईक्लोन घोषित किया गया।
आज पड़ सकती है फुहारें
फैलिन द्वारा लाई जा रही नमी और जम्मू की ओर से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार की सुबह तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश या दिल्ली-एनसीआर में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।