गर्मी की छुट्टियों में सपरिवार सैरसपाटे का कार्यक्रम हो और कन्फर्म टिकट हाथ में न हो तो जाहिर है मूड खराब होगा। रेल मंत्री सुरेश प्रभु अब ऐसे इंतजाम करने जा रहे हैं जिससे छुट्टियों का मजा खराब नहीं होगा। रेल बजट में कन्फर्म टिकट के लिए विकल्प योजना के विस्तार की बात कही गई है।
सच्चाई यह है कि यह विस्तार दो या तीन का नहीं, बल्कि 24 घंटे के अंदर चलने वाली सभी ट्रेनों के लिए होगा। अभी तक रेल यात्री को मनचाही ट्रेन में वेटिंग लिस्ट का टिकट मिलने पर सिर्फ अगली ट्रेन का ही विकल्प मिलता है, लेकिन रेल मंत्रालय ने अब दिन भर में उस गंतव्य स्थान को जाने वाली हर ट्रेन पर कन्फर्म टिकट का विकल्प देने को कमर कस ली है।
मंत्रालय ने गर्मी की छुट्टियों से पहले यानि अप्रैल या मई माह से इस योजना को शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉरमेशन सिस्टम्स (क्रिस) ने तंत्र विकसित करने पर काम भी शुरू कर दिया है।