नाकेबंदी के मसले पर नेपाल के संयुक्त राष्ट्र का दरवाजा खटखटाने और चीन के करीब जाने का संकेत देने के बावजूद भारत इसे ज्यादा तवज्जो देने के मूड में नहीं है।
हालांकि तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद स्थिति संभालने के लिए दोनों देशों के बीच कूटनीतिक चैनलों की ओर से बातचीत जारी है। इस बातचीत में भारत मधेसियों को संविधान में उचित जगह देने के लिए संशोधन की मांग पर अड़ा हुआ है। सूत्रों का कहना है कि हालात संभालने के लिए कूटनीतिक चैनलों के जरिए नेपाल के भावी प्रधानमंत्री के साथ भी कई बार बातचीत हुई है।
माना जा रहा है कि नेपाल के नए प्रधानमंत्री शपथ लेते ही भारत का दौरा कर विवाद का हल निकालेंगे। नए संविधान पर तनातनी के बीच नेपाल ने चीन से संपर्क करने के बाद भले ही यूएन में पहली बार भारत का दरवाजा खटखटाया है, मगर उसके इस पहल से फिलहाल विवाद शांत होता नहीं दिख रहा।