भारत लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी डेविड हेडली के प्रत्यर्पण के लिए अमेरिका पर दबाव डालता रहेगा। भारत को उम्मीद है कि अमेरिकी प्रशासन उसे हेडली के सहयोगी तहव्वुर हुसैन राणा से पूछताछ की अनुमति भी दे देगा।
भारत ने हेडली की पत्नी शाजिया गिलानी, उसकी प्रेमिका पोर्शिया पीटर और एक अन्य महिला मित्र से पूछताछ की इजाजत भी मांगी थी, लेकिन अमेरिका ने अभी तक उसकी यह मांग मानी नहीं है। खास बात यह है कि अमेरिका हेडली के प्रत्यर्पण की बात से पहले ही इनकार कर चुका है क्योंकि हेडली वहां एक करार कर वादा माफ गवाह बन गया है। हेडली ने 26/11 के मुंबई हमले के लिए रेकी की थी।
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका जल्द ही तहव्वुर राणा से पूछताछ करने की इजाजत भारत को दे सकता है। इस बारे में अमेरिका को औपचारिक आग्रह पत्र भेजा गया था, जिस पर उसने सकारात्मक रुख जाहिर किया है। मालूम हो कि भारतीय जांचकर्ता हेडली से पूछताछ कर चुके हैं, लेकिन उन्हें राणा से पूछताछ करने का मौका अब तक नहीं मिल पाया है।