भारत ने कहा है कि यदि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर के मुद्दे को उठाएंगे तो भारत इस मामले पर जवाब देगा।
विदेश विभाग के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि जब पाकिस्तान (कश्मीर पर) की ओर से बयान आएगा तब हम जवाब देंगे। पाकिस्तान की ओर से कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय रूप दिए जाने संबंधी भारत की चिंता के सवाल पर स्वरूप ने कहा कि हम इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयारी करके आए हैं।
शरीफ के 30 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इससे पहले बृहस्पतिवार को एक वरिष्ठ पाकिस्तानी राजनयिक ने कहा था कि शरीफ महत्वपूर्ण कश्मीर को लेकर गंभीर हैं और वह इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र महासभा में उठा सकते हैं।
राजनयिक का कहना था कि प्रधानमंत्री हालांकि लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर तनाव को कम करने और शांति स्थापित करने के लिए कई कदमों की पेशकश कर चुके हैं।
इससे पहले पिछले साल भी शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर के मुद्दे को उठाया था। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून के समक्ष विरोध दर्ज कराया था।