पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो के आरोप का जवाब देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत शांति में विश्वास रखता है। हम कभी भी सीजफायर का उल्लंघन नहीं करते हैं। लेकिन पाकिस्तान दिवाली के दिन भी सीजफायर का उल्लंघन करने से नहीं चूका।
बिलावल भुट्टो ने गुरुवार को अपने एक बयान में भारत पर आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान और कश्मीर के भी लोग सभी शांति के रास्ते पर आगे बढने पर सहमत हैं, भारत के लोग भी यही चाहते हैं लेकिन, भारत की विदेश नीति, भारत की सरकार बहाने बनाती रहती है।''
बिलावल ने यह बयान भारत और पाकिस्तान के बीच जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाल में हुई गोलीबारी के संदर्भ में दिया है।
नवाज शरीफ को चुनौती
पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी ने यह भी कहा है कि वे पूरे देश में रैलियां करके मौजूदा प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को चुनौती देंगे।
बिलावल ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि वे पीपीपी को फिर से सत्ता में वापस लाना चाहते हैं।
पीपीपी साल 2008 से 2013 के बीच सत्ता में रही थी। बिलावल की मां बेनजीर भुट्टो और उनके नाना जुल्फिकार अली भुट्टो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।