13 साल हो गए लेकिन आज तक सलमान खान के हिट एंड रन मामले में मारे गए व्यक्ति नूरूल्लाह की बीवी बेगम जां को मुआवजे की 19 लाख की रकम क्यों नहीं मिली?
सलमान का इस मामले में साथ दे रहे लोग उनके सहृदय स्वाभाव की प्रशंसा करते नहीं थक रहे हैं। दिलीप ताहिल ने बीबीसी से कहा था, "सलमान ने इस मामले में मारे गए परिवार के लिए काफी सारा पैसा दिया है।"
लेकिन जब एक चैनल पर मृतक की बीवी ने बताया कि उसे मुआवजा नहीं मिला तो बीबीसी ने इस मामले की थोड़ी पड़ताल की। सामने आया कि मुआवजे का हकदार तय करना टेढ़ी ख़ीर साबित हो रहा है।
हक की लड़ाई
मृतक नूरूल्लाह की बीवी, बेगम जां मुंबई के मलाड इलाके की झुग्गी बस्ती मालवानी में रहती हैं। कायदे से अदालत में जमा हुआ ये पैसा उन्हें कानूनी कार्रवाई के बाद 6 महीने में मिल जाना चाहिए था लेकिन बेगम जां इससे अब भी वंचित हैं।
दरअसल मालवानी जाकर ये बात सामने आई कि बेगम जां ने इस घटना से सालों पहले एक दूसरे आदमी से निकाह पढ़ लिया था और वो मृतक के साथ नहीं रह रही थीं।
मृतक नूरूल्लाह की मौत के समय जब पुलिस को पास-पड़ोस से मालूम चला कि बेगम नूरूल्लाह की बीवी हैं तो वो उसे मृतक की शिनाख्त के लिए ले गए और वहीं मुआवजे में बेगम का नाम आ गया।
मृतक के असली वारिस उनके बेटे फिरोज थे जिनके घर में नूरूल्लाह रहते थे। लेकिन रिकॉर्ड की गलती के चलते अब मुआवजे की इस रकम को लेकर घर में आपसी खींचातानी शुरू हो गई है।
छिप रही हैं बेगम
सलमान की सजा से पहले खुलकर मीडिया के सामने आने वाली बेगम जां, अब मीडिया से छिप रही हैं। उन्हें डर है कि दूसरे निकाह की बात सामने आने से मुआवजे पर उनका हक खत्म हो सकता है।
वहीं फिरोज बताते हैं, "मेरे पिता मेरे साथ रहते थे, लेकिन जब से उनकी मौत हुई किसी ने मुझे नहीं पूछा। आज मुआवजे के लिए सब लड़ रहे हैं।"
फिरोज ने बताया, "मेरी मां ने पुलिस में बयान दिया है कि उसने अभी भी मेरे पिता से तलाक नहीं लिया है और इसलिए वही इस मुआवजे की हकदार है।"
जब हमने बेगम जां से बात करने की कोशिश की तो उनके नए पति ने बात कराने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि वो बाहर हैं और पीछे से झांकती बेगम जां ने भी जोर से कहा मैं घर में नहीं हूं।