बिजनौर के कलक्ट्रेट गेट पर धरना देकर डीएम व अन्य अधिकारियों को रोकने की कोशिश कर रहे विकलांगों को एसपी ने थप्पड़ मारकर खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी विकलांगों से हाथापाई की।
सबसे शर्मनाक यह था कि घटना के समय डीएम विनोद पंवार सहित जिले के तमाम अधिकारियों ने गाड़ियों से उतरकर विकलांगों की परेशानी को सुनना भी गवारा नहीं किया।
पुलिस द्वारा विकलांगों को तितर-बितर करने के बाद अधिकारी आवासों को रवाना हो गए। विकलांगों ने डीएम व एसपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज न होने तक कलक्ट्रेट गेट पर भूख हड़ताल जारी रखने का ऐलान करते हुए भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
मांगों को पूरा कराने के लिए राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के बैनर तले विकलांग करीब एक बजकर 20 मिनट पर कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने आए थे। डीएम उस समय जिलास्तर के अधिकारियों के साथ बैठक ले रहे थे। एक अधिकारी ने उन्हें इंतजार करने के लिए कह दिया।
इस पर खफा विकलांग कलक्ट्रेट गेट पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने किसी वाहन को न तो अंदर नहीं जाने दिया। एलआईयू वालों ने भी विकलांगों को वहां से उठकर कहीं और बैठने को कहा, पर वे नहीं माने। विकलांग डीएम से मिलने की जिद पर अड़े रहे।