पूरी दुनिया में मोहब्बत की निशानी के रूप में मशहूर ताजमहल की खूबसूरती को खतरा पैदा हो गया है। पिछले तीन साल में इस पर्यटन स्थल के इर्द-गिर्द 50 से भी ज्यादा अवैध इमारतें खड़ी हो गई हैं।
एक आरटीआई के जवाब में भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) ने बताया कि पूरे आगरा सर्कल में 533 इमारतों का गैर कानूनी तरीके से निर्माण हुआ है, इसमें से 46 ताजगंज क्षेत्र में है। अधिकतर की दूरी ताज से बमुश्किल 100 मीटर है जबकि सुप्रीम कोर्ट ने ताजमहल के आसपास 500 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के निर्माण पर रोक लगा रखी है।
आरटीआई दायर करने वाले जमात-ए-इस्लामी हिंद के सहायक सचिव इंतजार नईम ने कहा कि भले ही एएसआई ने अवैध निर्माण की जानकारी दे दी है, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि अवैध निर्माण को हटाने उन्होंने क्या-क्या उपाय किए हैं। नईम ने कहा कि सिर्फ ताजमहल ही नहीं बल्कि आगरा सर्कल के अन्य ऐतिहासिक स्मारकों को भी अतिक्रमण की समस्या से खतरा पैदा हो गया है।
ताजमहल की सुंदरता को बचाए रखने के लिए काम कर रही संस्था ‘पर्यटक घाट समिति’ के प्रमुख राजकुमार सिंह ने इस बाबत कहा कि अवैध निर्माण को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन भारतीय पुरातत्व विभाग और प्रशासन द्वारा अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।