आईआईटी खड़गपुर ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। कैंपस प्लेसमेंट के दौरान यहां के एक हजार से भी अधिक छात्रों को नौकरी की पेशकश मिल गई है।
जबकि आईआईटी मुंबई में 900, आईआईटी दिल्ली में 750 और आईआईटी कानपुर में 700 छात्रों को नौकरी की पेशकश मिली है।
दिसंबर में खत्म हुए पहले दौर के प्लेसमेंट के दौरान आईआईटी खड़गपुर के 1010 छात्रों को नौकरी का ऑफर मिला। पहले चरण में अधिकतम छात्रों को नौकरी का रिकॉर्ड अब आईआईटी खड़गपुर के नाम हो गया है।
एक अमेरिकी कंपनी की ओर से एक छात्र को करीब 77 लाख रुपये का पैकेज मिला है जबकि सबसे अधिक घरेलू पैकेज 37 लाख का रहा।
आईआईटी खड़गपुर में शानदार प्लेसमेंट से जश्न का माहौल है। यूं तो इससे पहले भी यहां जश्न चल रहा था, इसकी वजह थी अरविंद केजरीवाल का दिल्ली का सीएम बन जाना। गौरतलब है कि केजरीवाल भी आईआईटी खड़गपुर से ही पढ़े हैं।