पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के आईजी एसके अस्थाना को सुरक्षा की आड़ में नियमों से अधिक सुरक्षाकर्मियों को रखने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। डीजीपी सुमेध सिंह सैनी ने एडीजीपी सिक्योरिटी दिनकर गुप्ता की जांच रिपोर्ट के बाद यह आदेश जारी किए हैं। मालूम हो कि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में दाखिल एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान पता चला था कि आईजी अस्थाना पुलिस के 31 जवानों से सुरक्षा के नाम पर अपने घर में निजी काम करा रहे थे।
एडीजीपी सुरक्षा दिनकर गुप्ता की जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार की तरफ से स्पष्ट आदेश हैं कि नियमों के तहत ही सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। नियमों के विरुद्ध किसी को अधिक सुरक्षाकर्मी रखने का अधिकार नहीं है। इसके अलावा अस्थाना पर निजी कार्यों के लिए पुलिसकर्मियों के उपयोग का भी आरोप सही पाया गया है। नियमों के मुताबिक पीएसओज को ड्यूटी पर लगाए जाने के लिए पुख्ता तर्क होने चाहिए।
उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल के संज्ञान में इस रिपोर्ट के आने के बाद यह कड़ा कदम उठाया गया है। आदेश में कहा गया है कि अस्थाना को सस्पेंड करने के साथ ही उन पर बड़ा जुर्माना लगाया जाए। मुख्य सचिव की अनुशंसा पर एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को जांच सौंपी जाए जो दो माह के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपे। इसके अलावा आदेश में अस्थाना को नियम से परे जाकर सुरक्षा मुहैया कराने वाली यूनिट के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की आए।