कांग्रेस ने पार्टी के लिए चंदा जुटाने का एक नया फॉर्मूला निकाला है। किसी भी संसदीय सीट से कांग्रेस का कोई नेता या पदाधिकारी अपनी दावेदारी पेश करना चाहता है तो उसे फार्म भरने के साथ ही 10 हजार रुपये की राशि भी जमा करानी पड़ेगी।
दिल्ली की सात में से पांच सीटों के लिए जारी आवेदन प्रक्रिया के दूसरे दिन करीब एक दर्जन फार्म दावेदारों ने लिए हैं। पार्टी ने 28 फरवरी तक आवेदन मांगे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बृहस्पतिवार को चुनावी माहौल बना रहा। जहां नई दिल्ली संसदीय सीट के लिए प्राइमरी में नामांकन दाखिल हुए। वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली के लिए मतदाता सूची बनाने की प्रक्रिया जारी रही वहीं बाकी पांच सीटों के लिए फार्म लेने वाले नेता पहुंचे। इस बीच में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने जिला अध्यक्षों की बैठक करके चुनावी रणनीति पर चर्चा भी की।