दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने गरजते हुए कहा है कि किसी में हिम्मत है तो वो मनमोहन सरकार को गिराकर दिखाए।
माना जा रहा है कि सिब्बल का निशाना समाजवादी पार्टी पर था। हाल ही में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने यूपीए सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी दी थी, हालांकि बाद में उन्होंने समर्थन जारी रखने की भी बात कही।
सिब्बल ने दावा किया कि यूपीए सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। सिब्बल ने भाजपा पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा यह तय करे कि उसे किस रास्ते पर जाना है। प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा में खुद उलझन है।
इधर समाजवादी पार्टी के नेता राम आसरे कुशवाहा ने कहा कि सपा कपिल सिब्बल के खिलाफ सोनिया गांधी से शिकायत करेगी। सिब्बल ने गैरजिम्मेदाराना बयान दिया है। सरकार जिस तरह काम कर रही है उससे नवंबर में लोकसभा चुनाव होना लगभग तय है।