वह दिन दूर नहीं जब सांसद नरेंद्र मोदी का आदर्श गांव जयापुर ब्रांड का दूध, धी, पनीर और मक्खन बाजार में बिकता नजर आएगा।
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की संस्था अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से गांव में एक गोशाला खोली गई है। डेढ़ बीघे में फैली इस गोशाला को ‘काऊशाला’ नाम दिया गया है, जहां दो सौ गायों को रखने की व्यवस्था है। इस काऊशाला का दूध ही नहीं बल्कि गोबर और गोमूत्र भी बाजारों में बिकेगा।
सभी उत्पादों को ‘जयापुर ब्रांड’ से बेचने की योजना पर काम चल रहा है। गोशाला के संचालन की जिम्मेदारी भारतीय माइक्रो क्रेडिट नामक संस्था के पास है। फिलहाल काऊशाला में 27 मवेशी ही हैं। हालांकि इनमें दुधारू गायों की संख्या गिनती की है।
काऊशाला की देखरेख करने वाले श्याम बिहारी कहते हैं, ‘यह पूर्वांचल की सबसे आधुनिक गोशाला है। गायों की हर सुख-सुविधा का यहां ख्याल रखा गया है।
दूध निकालने के लिए बाकायदा मशीन लगाई है। मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए जमीन में रबर मैट बिछाई गई है। गर्मी के दिनों के लिए बड़े-बड़े कूलर की व्यवस्था है।’
बताया कि यहां दूध सुरक्षित रखने के लिए पूरा प्लांट बनाया गया है। इसी प्लांट में मक्खन और पनीर तैयार करने की सुविधा भी है। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में गोमूत्र और गोबर के उपले भी बाजार में बेचने की योजना है।