उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के सेवला में घर में आग लगने से दो परिवारों के दस सदस्य जिंदा जल गए। घटना शनिवार तड़के करीब 3:00 बजे की है। घटना का कारण दो सिलेंडरों में गैस रिसाव और उनका फटना बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सेवला में बृजकिशोर अग्रवाल का दो मंजिला घर है। ऊपर की मंजिल में बृजकिशोर के दो लड़के महेश और राकेश अपने परिवार सहित रहते हैं। जबकि नीचे के हिस्से में राजू और पवन रहते हैं। शनिवार तड़के करीब 3 बजे घर के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे घर को चपेट में ले लिया। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची।
संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अंदर नहीं जा पाई। पानी के पाइप को काफी अंदर तक ले जाना पड़ा। आग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दीवार काटकर आग बुझाई जा रही थी। मरने वालों में महेश, उसकी पत्नी साधना, तीन बच्चे हिमांशु, वर्षा और शिवम, छोटा भाई राकेश, उसकी पत्नी ममता, तीन बच्चे अंकित, प्राची और पीयूष के नाम बताए जा रहे हैं। आग के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। आसपास के लोग भी घर के पास इकट्ठा हो कर आग बुझाने में लगे हुए थे। बृजकिशोर अग्रवाल, उनकी पत्नी विद्या देवी, राजू और पवन को सुरक्षित निकाल लिया गया था।