गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिवाली के दौरान सांप्रदायिक हिंसा के खतरों के प्रति आगाह किया है। राज्यों को जारी निर्देश में कहा गया है कि बीती गणेश पूजा, दुर्गा पूजा और बकरीद के दौरान कई जगहों पर माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
उपद्रव फैलाने वाले तत्व उसी का फायदा उठाकर दिवाली के दौरान हिंसा भड़काने की कोशिश कर सकते हैं। गृह मंत्रालय ने राज्यों के पुलिस प्रमुखों से इस अलर्ट को काफी गंभीरता से लेने को कहा है। बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में छठ पूजा के दौरान भी पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने की हिदायत दी गई है। इतना ही नहीं अन्य राज्यों में बिहार के लोग बड़ी संख्या में छठ पूजा करते हैं।
गृह मंत्रालय सूत्रों ने मुताबिक यह अलर्ट खुफिया एजेंसी आईबी की रिपोर्ट के आधार पर जारी किया गया है। आईबी के मुताबिक एक समुदाय द्वारा दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थलों पर पटाके चलाने और भड़काऊ नारेबाजी की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा संवेदनशील मौकों पर गौ हत्या के मुद्दे उठाकर लोगों को उकसाने की भी कोशिश की जा सकती है।
मंत्रालय ने निर्देश दिया है दिवाली के दिन ऐसी जगहों को पहले से ही चिन्हित कर वहां पुलिस की मौजूदगी समेत सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं। साथ ही सभी समुदायों के नेताओं और वरिष्ठ लोगों से बातचीत कर उन्हें पहले से ही विश्वास में रखा जाए।