यात्रियों से भरी प्राइवेट बस पर हाईटेंशन लाइन गिरने से आठ यात्री जिंदा जल गए जबकि 40 से अधिक झुलस गए। इनमें कई की हालत गंभीर है। ये दर्दनाक हादसा मंगलवार को जिले के जहानाबाद में बस अड्डे पर हुआ, बस वहां से फतेहपुर आ रही थी। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कानपुर और फतेहपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मरने वालों से छह फतेहपुर और दो घाटमपुर के हैं। जहानाबाद के बिजली विभाग के जेई को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में 20 छात्रों समेत करीब 75 लोग सवार थे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बस चलने ही वाली थी कि अचानक हाईटेंशन लाइन के दो तार टूटकर उस पर गिर गए। इससे बस में करंट दौड़ गया और आग लग गई। यह देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों के पास बैठे यात्री कूदने लगे। आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़े। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मिट्टी आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
डेढ़ घंटे बाद दमकल की गाड़ी पहुंची, तब आग बुझाई जा सकी। हादसे की सूचना मिलते ही हमीरपुर से भाजपा विधायक साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व भाजपा विधायक अमर जीत सिंह ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजे की घोषणा और हादसे के लिए दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए मुगल रोड पर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक चले इस जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतकों में छह फतेहपुर व दो घाटमपुर के
हादसे में चांदपुर थाना क्षेत्र के सठिगवां निवासी इमरान की पत्नी मुन्नी (32), उसका पुत्र निहाल (9), पुत्री नेहा (8), कानपुर देहात के घाटमपुर थाने के साढगोपालपुर गांव निवासी गड्डू की पत्नी सीता देवी (40), इसी जिले के महराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीपुर गांव निवासी गुड्डा खां की पत्नी शमशुल (55), राजपुर थाना क्षेत्र के वैनापुर गांव निवासी शिवशंकर (60), चांदपुर थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी अब्दुल्ला का पुत्र मो. कैफ (8) तथा एक चालीस वर्षीय अज्ञात युवक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घायल यात्रियों को पहले स्थानीय सीएचसी लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 17 यात्रियों को कानपुर के हैलट और 10 यात्रियों को फतेहपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुख्य अभियंता बोले
मौके पर अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता को भेजा गया है। प्राथमिक सूचना के अनुसार निजी बस में काफी ज्यादा सवारियां थीं और बस के ऊपर भी सामान लदा हुआ था। सामान बिजली के तार से टकराया और तार बस पर जा गिरा। इससे बस में आग लग गई। मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अगर बिजली विभाग के किसी कर्मचारी या अफसर पर दोष साबित हुआ तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे के शिकार लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। - सुनील कुमार, मुख्य अभियंता, इलाहाबाद मंडल