गुरुवार की रात दौसा में हुए सड़क हादसे के मामले में हेमा मालिनी के ड्राइवर को तेज गति से कार चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई थी। हेमा समेत पांच व्यक्ति घायल हो गए। गिरफ्तार किए गए ड्राइवर की पहचान महेश ठाकुर (35) के रूप में की गई है।
वृंदावन के निवासी महेश ठाकुर को दौसा की पुलिस टीम ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। हादसे के बाद हेमामलिनी की ओर से दिखाई गई संवेदनहीनता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हेमामालिनी की तेज गति की मर्सिडीज कार अल्टो कार से टकरा गई। टक्कर से दोनों ही कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और हेमामलिनी समेत दूसरी में कार में सवार पांच यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों में एक बच्ची भी शामिल थी, जिसकी बाद में मौत हो गई।
हालांकि हादसे के तुरंत बाद ही हेमा एक अन्य कार में बैठकर अस्पताल चली गईं, जबकि दूसरी कार के यात्रियों को उन्होंने अस्पताल ले जाने के जरूरत नहीं समझी। घायल यात्रियों के परिजनों का आरोप है कि अगर बच्ची को समय पर इलाज मिलता तो वह बच सकती थी, लेकिन हेमा उसे अस्पताल लेकर नहीं गईं।