भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी का क्रम ईवीएम में अब एक पायदान और नीचे खिसक गया है।
अब उन्हें ईवीएम में तीसरे से हटाकर चौथा स्थान दिया गया है जबकि बसपा प्रत्याशी योगेश द्विवेदी को चौथे स्थान से हटा कर तीसरे स्थान पर कर दिया गया है।
बुधवार को भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल चौहान के समक्ष प्रत्यावेदन दिया कि उनका नाम देओल हेमामालिनी धर्मेंद्र के स्थान पर हेमामालिनी कर दिया जाए।
उन्हें लोग देओल हेमामालिनी धर्मेंद्र के बजाए हेमामालिनी नाम से ज्यादा जानते हैं। निर्वाचन अधिनियम-1961 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी का प्रत्यावेदन स्वीकार करते हुए देओल हेमामालिनी धर्मेंद्र के स्थान पर हेमामालिनी कर दिया।
इसके तहत ईवीएम में क, ख, ग क्रम के अनुसार फिर से तय किए गए क्रम में हेमामालिनी का क्रमांक चौथा हो गया है।
इससे पहले निर्धारित किए गए क्रम में देओल हेमामालिनी धर्मेंद्र को तीसरा स्थान मिला था। चौथे स्थान पर बसपा प्रत्याशी योगेश द्विवेदी थे जिन्हें अब परिवर्तित क्रम के तहत तीसरा स्थान प्रदान किया गया है। भाजपा और बसपा के विरोध के बावजूद ईवीएम में प्रथम स्थान अभी भी सत्ताधारी दल के प्रत्याशी चंदन सिंह और दूसरा स्थान रालोद प्रत्याशी जयंत चौधरी को मिला है।
दोनों ईवीएम में चौथा नंबर हेमामालिनी का
ईवीएम में इस परिवर्तित व्यवस्था के बाद भाजपा की हेमामालिनी और निर्दलीय प्रत्याशी हेमामालिनी अब सीधे आमने-सामने आ गई हैं।
प्रथम ईवीएम में भाजपा प्रत्याशी को स्थान दिया गया है जबकि द्वितीय ईवीएम में यह स्थान निर्दलीय प्रत्याशी हेमामालिनी को मिला है।