भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से 1971 की जंग के बाद से सीमा पर हो रही सबसे भीषण गोलाबारी और सीजफायर उल्लंघन की बढ़ती घटनाओं की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशन (डीजीएमओ) ने हॉटलाइन पर बात की। इस दौरान दोनों देश सीमा पर तनाव की स्थिति को खत्म करने के लिए फ्लैग मीटिंग करने पर सहमत हुए। उधर, रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने साउथ ब्लॉक में सेना के तीनों प्रमुखों के साथ बैठक की।
रक्षा मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक यह बैठक रुटीन थी लेकिन इसमें सीमा पर हालात की खास तौर पर चर्चा की गई और तैयारियों का जायजा लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल पी आर कुमार और पाकिस्तानी समकक्ष आमिर रियाज ने मंगलवार को दोपहर बारह बजे करीब दस मिनट तक हॉटलाइन पर बात की। इस दौरान दोनों ने सीमा पर व्याप्त हालात के बारे में अपने पक्ष रखे।