लश्कर के आतंकी डेविड हेडली की अमेरिका में रहने वाली पत्नी और उसके कारोबारी साझेदार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया है।
एनआईए ने 55 वर्षीय आतंकी हेडली से जुड़े कुछ सवालों को लेकर अमेरिकी न्याय विभाग के जरिए उसकी पत्नी शाजिया और उसके कारोबारी साझेदार रेमंड सैंडर्स से संपर्क किया था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों ने गोपनीयता का हवाला देते हुए किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। अमेरिकी कानून के मुताबिक ये दोनों मामले में आरोपी नहीं हैं और वे विदेशी एजेंसी के समक्ष पूछताछ की मांग को खारिज या स्वीकार कर सकते हैं।
हेडली ने परिवार के उसके भारत में गतिविधियों और प्रतिबंधित संगठन लश्कर से संबंध के बारे में पता होने को लेकर कोई भी जानकारी उजागर नहीं की है।