मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बुधवार को कहा कि राजधानी में छाई धुंध पड़ोसी राज्यों के खेतों में लगाई जा रही आग के कारण है। वाहनों की बढ़ती संख्या को प्रदूषण और धुंध का कारण मानने से उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह पटाखे न जलाएं, बल्कि मिठाई के साथ दीपावली मनाएं।
दरअसल बुधवार को राजधानी में दिनभर धुंध की चादर और प्रदूषण की दिक्कत पर कैबिनेट में चिंतन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राज्यों के किसान फसल काटने के बाद खेतों में (खूंटियों में) आग न लगाएं और पड़ोसी राज्य प्रदूषण को रोकें। इसके लिए वह एनसीआर प्लानिंग बोर्ड और पर्यावरण मंत्रालय को पत्र लिखेंगी।
केंद्रीय मंत्रालय से प्रदूषण के स्रोतों और इसके दिल्ली की तरफ प्रवाह का अध्ययन कराने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने यूपी व हरियाणा सरकार से आग्रह किया है कि वे एक्सप्रेस वे का निर्माण पूरा करें, ताकि बाहर के वाहन दिल्ली में आए बगैर गंतव्य तक पहुंच सकें। वहीं, उन्होंने परिवहन विभाग और पुलिस को सीमा पर बाहर से आने वाले वाहनों की प्रदूषण जांच के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।