महाराष्ट्र में गन्ना उत्पादकों के आंदोलन का समर्थन करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने सांगली जिले में गोलीबारी की घटना की निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए यह दीपावली ‘काली’ कर दी।
अपने गांव रालेगण सिद्धि से हजारे ने कहा कि सांसद और ‘स्वाभिमानी शेतकारी संगठन’ नेता राजू शेट्टी द्वारा अपनाया गया रवैया ‘न्यायोचित’ है । लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को हिंसा से दूर रहना चाहिए क्योंकि यह उनके आंदोलन को नुकसान पहुंचायेगा ।
उन्होंने कहा, ‘‘किसानों पर गोलीबारी कर सरकार ने उनके विरोध प्रदर्शन को दबाने का प्रयास किया है। इसे हमेशा ‘काली दीपावली’ के रूप में याद किया जाएगा।’’ अन्ना हजारे ने शेट्टी के खिलाफ राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के बयान की कड़ी आलोचना की और उन्हें किसानों के वर्तमान संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया ।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को शेट्टी को पुणे में हिरासत में लिए जाने की खबर मिलने के बाद सांगली के नांदेर गांव में किसानों के एक समूह ने एक पुलिस दल को एक होटल के अंदर बंद करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के गोली चला देने से एक किसान की मौत हो गई थी । किसान गन्ने की फसल के लिए अग्रिम भुगतान किए जाने की मांग कर रहे हैं ।
शेतकारी संगठन का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी
स्वाभिमानी शेतकारी संगठन की ओर से महाराष्ट्र में कई जिलों में आयोजित रास्ता रोको अभियान आज तीसरे दिन भी जारी रहा जिससे राज्य परिवहन निगम को यहां एक करोड रुपए का घाटा हुआ। किसानों के प्रदर्शन की वजह से सरकारी बसों के 150 चक्कर रद्द करने पडे़।
दिवाली के दिन यात्रा करने वाले लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पडा़। जिले के 12 बस डिपो से बसों को चलाया गया लेकिन दो जगहों पर रास्ता रोको अभियान तेज होने की जानकारी मिलने पर सेवाएं बंद कर दी गईं। हालांकि कर्नाटक से आने वाली बसें नियमित रूप से आ रही हैं।
राजू शेट्टा मजिस्ट्रेट हिरासत मे
स्वाभिमान शेतकारी संगठन के नेता और सांसद राजू शेट्टा को 14 दिन की मजिस्ट्रेटी हिरासत में यरवदा जेल भेज दिया गया है। पश्चिमी महाराष्ट्र में कल से गन्ना किसानों के आंदोलन के हिंसक हो जाने के बाद श्री शेट्टा को गिरफ्तार किया गया।