फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गलत कार्यों में लिप्त है मोदी सरकार: सोनिया

Mon, 10 Dec 2012 10:02 PM IST
अहमदाबाद/समीर शर्मा
विज्ञापन
विज्ञापन
गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदान की तिथि नजदीक आते ही दिग्गज नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। गुजरात दौरे पर आईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सोनिया ने गुजरात सरकार को जनता विरोधी करार देते हुए गलत कार्यों में लिप्त होने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को गुजरात के सिद्धपुर और पाटन में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने अपने भाषण में राज्य सरकार की नीतियों को किसान, जनता व महिला विरोधी बताया और आरोप लगाया और राज्य सरकार पर विकास के मामले में भेदभाव बरतने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 4.5 लाख किसानों के घरों तक बिजली भी नहीं पहुंच रही। केंद्र ने किसानों के ऋण माफ किए, लेकिन गुजरात में किसान कर्जे में दबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता और किसानों के बजाय केवल कुछ उद्योगपतियों की होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि गुजरात में दस लाख युवा बेरोजगार हैं और 45 फीसदी से अधिक बच्चे कुपोषित। उन्होंने मोदी के विकास और समाज को आगे बढ़ने की दिखाई गई तस्वीरें को झूठा करार दिया।

देश अंधेरे में डूबा था, तब भी चमचमा रहा था गुजरात : मोदी
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोमवार को पाटन में चुनावी सभा को संबोधित किया। मोदी से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी यहां पर रैली को संबोधित कर चुकी थी। मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष के आरोपों के जवाब में कहा कि कांग्रेस के मुंह से गुजरात को लेकर की गई गलत बातें अच्छी नहीं लगती। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि सोनिया बहन कहती हैं कि गुजरात के किसानों के घर बिजली नहीं है, अरे ये बात कांग्रेस के मुंह से अच्छी नहीं लगती। भूल गईं जब चार महीने पहले देश में अंधेरा छा गया था, तो गुजरात ही ऐसा राज्य था, जो चमचमा रहा था। इसलिए कांग्रेस को बिजली का मुद्दा नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि सोनिया ने अपनी सभाओं के लिए सिद्धपुर और डाकोर जैसे पवित्र स्थल किसी की सलाह पर चुना होगा, जिससे इन धामों की यात्रा से कांग्रेस के पाप धुल जाएं। लेकिन सरकार के पाप इतने हैं कि भगवान भी आसानी से माफ नहीं कर पाएंगे। सभा में चर्चा थी कि सलाहकार के नाम के पीछे उन्होंने फिर से सोनिया के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल पर निशाना साधा है।
विज्ञापन


पहले चरण के चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन
गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान मंगलवार शाम को 5 बजे समाप्त हो जाएगा। पहले चरण के लिए 13 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। प्रचार के आखिरी दौर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दो जगहों पर रैलियों को संबोधित किया जबकि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी मंगलवार को राज्य में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं भाजपा के स्टार प्रचारक राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन तकनीक और रैलियों के जरिए 53 जगह लोगों को संबोधित करेंगे। 17 दिसंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार अभियान 15 दिसंबर को खत्म होगा।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें