रविवार का दिन नेताओं पर भारी पड़ गया। पानीपत में हरियाणा के मुख्यमंत्री हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक युवक के गुस्से का शिकार बनना पड़ा।
वहीं, दिल्ली में एक महिला ने आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को थप्पड़ जड़ दिया। दिल्ली में संगम विहार इलाके में स्थानीय लोगों ने विधायक और उनके समर्थकों से मारपीट और धक्कामुक्की की।
संगम विहार इलाके में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा था। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने का वादा किया था।
लेकिन आप की सरकार बनने के बाद भी दिल्ली के कई इलाके पानी से महरूम हैं।
दिनेश मोहनिया को महिला ने जड़ा थप्पड़
पानी न आने के कारण आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को रविवार को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा। संगम विहार इलाके में विधायक और उनके समर्थकों से स्थानीय लोगों ने मारपीट और धक्कामुक्की की।
धक्कामुक्की करने वाली महिलाओं का आरोप है कि विधायक के साथ आए लोगों ने उनसे छेड़खानी की, जबकि विधायक का कहना है कि महिलाओं को आगे करना पानी माफिया की साजिश है। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की।
लोगों का आरोप है कि विधायक के लोग सरकारी ट्यूबवेल से पानी देने में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोगों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। वहीं, विधायक का कहना है कि पानी माफिया ट्यूबवेल पर कब्जा करना चाहता है। शिकायत मिलने पर वे गली नंबर-16 स्थित ट्यूबवेल पर गए थे।
विधायक के समर्थकों पर लगा छेड़खानी का आरोप
एक महिला ने आरोप लगाया कि विधायक के साथ आए समर्थकों ने छेड़छाड़ की। इसलिए एक समर्थक को थप्पड़ मारा, जबकि विधायक से धक्कामुक्की की गई। बता दें कि संगम विहार में लगे सरकारी ट्यूबवेल पर पानी माफिया के कब्जे का मामला विधानसभा में भी उठ चुका है। यहां पानी की पाइप लाइन नहीं है, जिसकी वजह से यहां टैंकर से पानी की सप्लाई होती है।
विधायक दिनेश मोहनिया का कहना है कि सरकारी ट्यूबवेल पर पानी माफिया के कब्जे की सूचना पर हम जांच के लिए पहुंचे थे। पानी माफिया ने सामने आने की बजाय महिलाओं को आगे कर आरोप लगाने की कोशिश की।
स्थिति खराब होने के अंदेशे को देखते हुए हम वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था करके गए थे। इसमें साफ दिख रहा है कि किस तरह से महिला गाली-गलौच पर मारपीट की धमकी दे रही है। शिकायत थाने में दी है।
रोड शो में युवक ने हुड्डा को लगाया थप्पड़
पानीपत में रोड शो के दौरान रविवार को एक युवक ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को माला पहनाने के बहाने थप्पड़ मारने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने थप्पड़ मारने की बात को खारिज कर दिया। युवक नौकरी न मिलने से हताश था। युवक की पहचान गोहाना के कमल के रूप में हुई ।
पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा तोड़ने समेत कई धाराओं के तहत उस पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने युवक को डिप्रेशन का शिकार बताया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को सिविल अस्पताल में योजनाओं की सौगात देकर नई सब्जी मंडी में शहरी विधायक बलबीर पाल शाह की ओर से आयोजित धन्यवाद सम्मेलन में जा रहे थे।
सीएम को की थी माला पहनाने की कोशिश
रोड पर रोड शो के दौरान एक जूस कार्नर के पास युवक ने सीएम को माला डालने के बहाने थप्पड़ मारने की कोशिश की। सीएम इस वाकये से हक्के बक्के रह गए। सीएम की सुरक्षाकर्मियों ने युवक को वहीं दबोच लिया और उसको थाना शहर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान गोहाना के कमल के रूप में हुई है। उसका पिता गोहाना में चाय का काम करता है। कमल खुद बीएससी पास है और उसका भाई भी बीएससी पास है।
कमल व उसके भाई दोनों ने सरकारी नौकरी के लिए कई आवेदन किया, लेकिन दोनों में से किसी की भी नौकरी नहीं लग सकी। मुख्यमंत्री के राजनीति सलाहकार प्रो, वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सीएम ने बदसलूकी करने वाले युवक को माफ कर दिया है। उन्होंने कहा है कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है। पुलिस से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न करने को निर्देश दिया है।