राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्लाह ने दिल्ली गैंगरेप की घटना के खिलाफ सड़क पर उतरने वाले पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह की बृहस्पतिवार को कड़ी आलोचना की।
हबीबुल्लाह ने सिंह पर निशाना साधते हुए उनसे सवाल किया कि उनके कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के खिलाफ बलात्कार के आरोपों के मामले में जांच की गई या नहीं। जम्मू-कश्मीर कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी ने कहा कि यदि जनरल सिंह जैसे लोग इस तरह की घटनाओं पर सरकार को ऐसी स्थिति से निपटने के लिए कारगर सुझाव देंगे तो मामले का फलदायक निष्कर्ष निकल सकता है।
मगर जनरल सिंह के मामले में मुझे यह कहते हुए खेद हो रहा है कि वे सेना के प्रमुख थे। जम्मू-कश्मीर में सेना के खिलाफ बलात्कार के ऐसे कई संगीन आरोप लगे थे। क्या उन्होंने इन मामलों में जांच की थी? क्या न्याय के लिए कोई प्रयास किया गया था?।
हबीबुल्लाह ने कहा कि यहां एक बलात्कार का मामला हुआ। हां, यह बहुत दुखद है, लेकिन यदि वे सरकार की आलोचना इस मामले में करना चाहते हैं तो क्या वे इस तरह की घटनाओं की जिम्मेदारी स्वयं लेंगे। उन्होंने साथ ही कहा कि यह भी संभव है कि जब सिंह सेना प्रमुख थे तब वे इस तरह की घटनाओं पर काबू पाने में अक्षम रहे हों अथवा चाहते हुए भी वे इस तरह की घटनाओं में सुधार नहीं ला पाए हों।