दुराचार मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए आसाराम के बेटे नारायण साईं ने अपना हुलिया बदल लिया है।
आसाराम के एक भक्त ने दावा किया है कि नारायण साईं ने न केवल अपना सिर मुंडवा लिया है, बल्कि उन्होंने दाढ़ी और मूंछें भी साफ करवा ली है।
आसाराम के भक्त लक्ष्मण सेवकानी ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद नारायण साईं उसके आगरा स्थित घर पर आए थे। उन्होंने अपना हुलिया पूरी तरह से बदल लिया है।
माना जा रहा है कि नारायण साईं ने गिरफ्तारी से बचने और पुलिस को चकमा देने के मकसद से हुलिया बदला है। सेवकानी के अनुसार नारायण साईं जब उनके घर पहुंचे थे तब वह गेरुआ वस्त्र धारण किए हुए थे। सिर के बाल पूरी तरह से साफ थे और दाढ़ी मूंछें भी नहीं थीं।
जारी हो चुका है लुकआउट नोटिस
मालूम हो कि सूरत की दो बहनों की ओर से दुराचार का मामला दर्ज कराने के बाद से नारायण साईं फरार चल रहे हैं। उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी है।
सेवकानी ने बताया है कि जब नारायण साईं उनके घर आए थे तब उनके ड्राइवर ने एक सिम की मांग की थी, लेकिन उन्होंने सिम देने से मना कर दिया था।
सेवकानी ने कहा कि नारायण साईं का ड्राइवर उनके पास पैसे लेकर आया और उसने कहा कि एक सिमकार्ड खरीदकर दे दो, लेकिन उन्होंने अपने परिवार का हवाला देकर सिम खरीद कर देने से मना कर दिया। रात गुजारने के बाद सेवकानी ने उन्हें वहां से चले जाने को कहा।
आसाराम की पत्नी और बेटी से पूछताछ
सूरत की एक महिला की ओर से आसाराम पर यौन शोषण का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने रविवार को उनकी पत्नी और बेटी से पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार विशेष जांच दल ने महिला के यौन शोषण के सिलसिले में आसाराम की पत्नी लक्ष्मी और बेटी भारती से पूछताछ की है। उनसे आतंकवाद निरोधी दस्ते के ऑफिस में पूछताछ हुई। विशेष जांच दल अहमदाबाद पुलिस ने गठित की है।
सूरत की एक महिला ने आरोप लगाया है कि 1997 से 2006 के बीच आसाराम ने अपने आश्रम में उसके साथ कई बार यौन शोषण किया और इस काम में उनकी पत्नी और बेटी ने सहयोग किया।
गौरतलब है कि गांधीनगर की मजिस्ट्रेट अदालत ने शनिवार को आसाराम को 22 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया था। महिला की छोटी बहन ने आसाराम के बेटे नारायण साईं पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।