गुजरात में एक आर्किटेक्ट युवती की जासूसी करने से जुड़ा मामला नरेंद्र मोदी के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। इसे लेकर उन पर हमला बोलने वाले शब्दबाण छोड़ते वक्त शुचिता का जरा ख्याल रखने के मूड में नहीं हैं।
कांग्रेस ने दिल्ली में जहां अपनी दिग्गज महिला नेताओं को मोदी पर हमला करने के लिए मैदान में उतार दिया है, वहीं गुजरात में भी पार्टी ने उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
लेकिन इस बीच गुजरात कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने मोदी पर तीर छोड़ते वक्त सारी हदें लांघ दीं। जाहिर है, कांग्रेस यह मौका हाथ से नहीं जाने देना चाहती।
पढ़ें, साहेब, युवती और जासूसी पर सियासी संग्राम तेज
गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया ने एक चैनल से बातचीत में कहा, "वह साहेबजादे तो हैं ही, साथ ही इश्कजादे भी हैं। दरअसल, उस लड़की में मोदी की निजी दिलचस्पी है, इसलिए उसकी जासूसी कराई गई।"
पढ़ें, मोदी के बचाव में लड़की का पिता, कहा जांच जरूरी नहीं
यह मामला दिनोंदिन गर्माता जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मोदी को नोटिस जारी कर सवाल उठाया कि आखिर युवती की जासूसी कराने की जरूरत क्यों पड़ी, जिसके लिए पूरी सरकारी मशीनरी लगा दी गई थी।
मोदी के बचाव में उतरी भाजपा का कहना है कि महिला के पिता ने मोदी से उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा था, क्योंकि गुजरात के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रदीप शर्मा उसे तंग कर रहे थे। शर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।