केंद्र सरकार का कहना है कि केंद्रीय कर्मचारियों की सेवानिवृत्त उम्र 60 से 62 वर्ष करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। बृहस्पतिवार को राज्यसभा में इसकी जानकारी कार्मिक मामलों के मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी।
उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, और ओबीसी के खाली पदों को सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों से भरने का भी कोई प्रस्ताव नहीं है। क्या सरकारी कर्मचारियों के सेवानिवृत्त की उम्र 60 से 62 वर्ष होने जा रही है? इस प्रश्न का जवाब मंत्री ने ना में दिया।
इसके अलावा एक अन्य लिखित उत्तर में उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक वर्ष केंद्र सरकार से 1.75 लाख कर्मचारी सेवानिवृत्त होते हैं। सेवा निवृत्त होने वाले कर्मचारियों को आसानी से पेंशन आदि की सुविधाएं मिल जाए इसके लिए पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग की ओर से पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है जिसमें 2000 पेंशन पाने वालों की मदद की जा रही है।