भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली थार एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों से कस्टम अधिकारियों ने पिछले सप्ताह 80 लाख रुपये की कीमत के 18 सोने के बिस्कुट और गहने जब्त किए।
कस्टम विभाग के सहायक आयुक्त बसंत गढ़वाल ने बताया कि इस मामले में 12 यात्रियों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इन 12 लोगों में सात भारतीय और पांच पाकिस्तानी थे।
इन लोगों ने अपने अंदरूनी कपड़ों में यह सोना छिपा रखा था। गढ़वाल ने बताया कि पाकिस्तान से आने के बाद बाड़मेर के मुनाबाओ रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान यह बरामदगी हुई।
पिछले एक माह के दौरान थार एक्सप्रेस में यात्रियों द्वारा सोने की तस्करी का यह चौथा मामला सामने आया है।