चलती कार में बुधवार देर रात एक युवती से गैंगरेप किया गया। स्वरूप नगर इलाके में तैनात पीसीआर ने काले शीशे वाली कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बुराड़ी की तरफ कार भगा दी।
इस पर पुलिस कर्मियों ने कंट्रोल रूम के जरिए बुराड़ी इलाके में तैनात पीसीआर को अलर्ट कर दिया। कार के सामने आते ही पीसीआर कर्मियों ने कार को रोक लिया। पूछताछ में युवती ने चारों पर कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। एक आरोपी युवती का परिचित है, जिससे मिलने वह गई थी।
बंधक बनाकर करता रहा दुष्कर्म
पूर्वी दिल्ली में एक युवती को कई दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पूर्व मकान मालिक के बेटे ने एक महिला की मदद से पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद 12 दिनों तक युवती को एक अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करता रहा। बाद में जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी महिला की तलाश कर रही है।