उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के अमावं गांव में गैंगरेप के बाद एक युवती की गला रेतकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। शव गांव से करीब आठ सौ मीटर दूर तालाब के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमावं निवासी रुकमुद्दीन की पुत्री रूबीना (20) गुरुवार शाम को खाना पकाने के लिए घर के पीछे कुएं के पास रखी लकड़ी लेने गई थी। वहां पहले से मौजूद गांव के कौशर अली, जावेद और परवेज ने रूबीना के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे दबोच लिया और गांव से करीब आठ सौ मीटर दूर ज्वालामुखी तालाब के पास उठा ले गए और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर तीनों ने युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
उधर, जब काफी देर तक युवती घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने खोजना शुरू किया। देर रात करीब डेढ़ बजे गांव के बाहर ज्वालामुखी तालाब के किनारे अर्धनग्न अवस्था में उसका शव पड़ा मिला। थोड़े फासले पर उसके कपड़े और चप्पलें मिलीं। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचे सीओ खागा सूर्यकांत त्रिपाठी ने स्थिति का जायजा लिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि पुलिस ने मुकदमे में गैंग रेप की धारा नहीं जोड़ी है। सीओ का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि होने पर धाराएं तब्दील कर दी जाएंगी।
हरदोई में विवाहिता से दुराचार
हरदोई जिले के अजमत नगर गांव में शुक्रवार रात विवाहिता से दुष्कर्म किया गया। देर रात वह खेत पर बेहोश पड़ी मिली। पुलिस ने महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जांच रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज होगा।