‘पुलिस हमेशा देर से क्यों पहुंचती है..? पहुंचने के बाद आरोपियों को पकड़ने के बजाए सूचना देने वाले को ही परेशान किया जाता है। पुलिस ऐसा क्यों करती है...? महिला हेल्पलाइन से कैसे और कितनी देर में मदद मिलती है...? आम आदमी थाने पर जाता है तो पुलिस आसानी से उसकी शिकायत क्यों नहीं दर्ज करती...?’ ये सारे सवाल राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज, शिवपुर की छात्राओं ने पुलिस के सामने उठाए।
शनिवार को कॉलेज में अमर उजाला की ओर से ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बेबाकी से सवाल पूछे। सीओ यातायात राजेश कुमार ने उनके सवालों का जवाब दिया। कहा कि कोई भी शिकायत सौ नंबर पर की जा सकती है। पुलिस पांच से दस मिनट के अंदर पीड़ित तक पहुंचेगी।
विद्यालय की कक्षा नौ की छात्रा आकांक्षा श्रीवास्तव ने साइबर क्राइम के बारे में पूछा। सीओ यातायात ने बताया कि इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करें। जानने वाले लोगों को ही फे सबुक फ्रेंड बनाएं।
सावधानी ही बचाव है। कक्षा 12 की छात्रा अंजू भारती ने कहा कि पुलिस विभाग की मनमानी, लापरवाही और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए क्या नियम कानून हैं। इसकी शिकायत हम कहां कर सकते हैं। सीओ ने कहा कि वाराणसी में एसएसपी से लेकर आईजी स्तर तक के अधिकारी बैठते हैं। उनसे शिकायत की जा सकती है। अधिकारियों के मोबाइल नंबर थानों पर लिखे होते हैं।