केंद्रीय आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री गिरिजा व्यास ने देश में शौचालय की कमी को रेप के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि सांसदों और विधायकों को अपने कोष से एक चौथाई धन अपने इलाके में शौचालय की उचित व्यवस्था कराने के लिए खर्च करना चाहिए।
भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के शौचालय संबंधी बयान पर उठे विवाद पर व्यास ने कहा कि यूपीए सरकार का पहला लक्ष्य शौचालय ही है। मोदी ने हाल ही में बयान दिया था कि देश में शौचालय का निर्माण देवालय से पहले होना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री चाहें तो हमारी इस नीति को अपने राज्य में आजमा सकते हैं। देश में पर्याप्त शौचालयों के निर्माण की बात हमारी सरकार हमेशा से कहती आई है। सरकार इस ओर पूरी तरह से ध्यान भी दे रही है।
अब अगर कोई हमारी बात को ही दोहराए, तो इस पर मैं कुछ नहीं कह सकती हूं। केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश पहले ही इस पर विशेष रूप से जोर दे चुके हैं।
एक समारोह से इतर व्यास ने सोमवार को कहा कि देश के सांसदों और विधायकों को अपने क्षेत्र में शौचालय की उचित सुविधा के लिए अपनी निधि से एक निश्चित राशि देनी चाहिए।
रेप के अधिकांश मामले ऐसे क्षेत्र में हुए हैं, जहां महिलाओं के लिए शौचालय की पर्याप्त सुविधा नहीं थी। विभिन्न अध्ययनों से यह बात सामने आई है।
मेरी राय है कि सांसदों और विधायकों को अपने निधि कोष से कम से कम 25 फीसदी राशि इस ओर देनी चाहिए।