केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने अपने विवादास्पद ट्वीट के लिए मीडिया से आधी-अधूरी माफी मांग ली है। आधी-अधूरी इसलिए क्योंकि उन्हें लगता है कि मीडिया का एक तबका उनके खिलाफ अभियान चला रहा है। उन्होंने इस वर्ग से माफी मांगने से इंकार कर दिया है।
ट्वीट विवाद पर शनिवार को पहली बार मीडिया के सामने आए वीके सिंह ने कहा कि 90 प्रतिशत मीडिया अपनी जिम्मेदारियों को सही ढंग से निभा रहा है। यदि मेरी टिप्पणी से इस धड़े को दुख पहुंचा है तो मैं माफी चाहता हूं।
मैंने यह टिप्पणी बाकी 10 प्रतिशत लोगों के लिए की थी और वे इसी के काबिल हैं। उन्होंने दावा किया कि दूसरे तो इस 10 प्रतिशत मीडिया के लिए बाजारू तथा बिकाऊ समेत और भी बुरे शब्द इस्तेमाल करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने लगे हाथ मीडिया संस्थानों को खुद पर निगरानी के लिए एक नियामक संस्था बनाने की सलाह दे डाली।