भ्रष्टाचार के आरोप में इस्तीफे की मांग के बीच शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि वह एक ईमानदार व्यक्ति हैं और अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।
भाजपा अध्यक्ष के रूप में गडकरी का कार्यकाल इस महीने के अंत में समाप्त हो रहा है। उनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद पार्टी नेता राम जेठमलानी और यशवंत सिन्हा उनसे तत्काल इस्तीफे की मांग कर चुके हैं।
इन नेताओं के अनुसार गडकरी के ऊपर लगे आरोपों की वजह से पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर यूपीए सरकार से पूरी ताकत से लड़ाई नहीं लड़ पाएगी।
गडकरी ने कहा कि मैं एक बिजनेसमैन नहीं हूं, बल्कि सामाजिक उद्यमी हूं। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप साबित नहीं हुए हैं। मुझे किसी का डर नहीं है। मीडिया कोई फैसला नहीं सुना सकता और न ही इसे स्वीकार किया जा सकता। इतना ही नहीं मेरे खिलाफ एक भी केस दर्ज नहीं है।
एक सवाल के जवाब में गडकरी ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहते हुए किसी भी कंपनी को लाभ पहुंचाने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का पीडब्लूडी मंत्री रहते हुए मैंने किसी भी कंपनी के पक्ष में काम नहीं किया था।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की संभावना के बारे में पूछे जाने पर गडकरी ने कहा कि भाजपा नीत राजग सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन को 175 सीटें मिल गईं तो कई दल इसमें शामिल हो जाएंगे।
पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में गडकरी ने कहा कि भाजपा में कई नेता हैं जो इस पद के काबिल हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी पीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा सही समय पर करेगी।