पाकिस्तान की बर्बर करतूत पर नाराज जनता की भावनाओं का ख्याल हो या फिर केंद्र सरकार के बचाव की बात कांग्रेस संतुलित भूमिका निभाने की जीतोड़ कोशिश कर रही है। सोमवार को कांग्रेस ने एक तरफ पाकिस्तान को जवाब दिया है कि भारतीय सेना दुश्मनों का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। मगर साथ ही यह भी जोड़ दिया कि देश जोश में होश खोना नहीं चाहता और देश दुनिया में कहीं भी जंग नहीं चाहता।
साथ ही पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों के देश में नहीं खेलने देने की शिवसेना की मांग को भी पार्टी ने सतर्क रवैया अपनाते हुए सरकार के पाले में डाल दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। पार्टी मांग करती है कि पाकिस्तान हमारे शहीद जवान का सिर वापस करे। भारतीय सेना किसी भी स्थिति का मुकाबला करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि हम सबसे दोस्ती चाहते हैं लेकिन हमें कोई झुका नहीं सकता। साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भारत अहिंसा में विश्वास करने वाला देश है। अल्वी ने कहा कि पाकिस्तान से हमें कोई ज्यादा उम्मीद नहीं है। वह हमेशा साजिश का हिस्सा रहा है। इसलिए उसे भारत को उकसाने से बचना चाहिए। दरअसल, कांग्रेस सरकार के खिलाफ देश में बने माहौल को देखते हुए बचाव में उतर आई है। पार्टी ने लोगों की भावनाओं को देखते हुए पाकिस्तान को परोक्ष रूप से कड़ा जवाब देने की हिमायत की है। मगर साथ ही दोस्ती निभाने की बात कहकर संतुलन भी बनाया है।