पर्यटन के क्षेत्र में अपने को बेहतर साबित करने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग टूरिज्म कार्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने इस बार सीनियर सिटीजन को लुभाने वाली योजना पेश की है।
आईआरसीटीसी आयकर कटौती की श्रेणी में न आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश सरकारों के खर्च पर तीर्थयात्रा कराएगी।
पहले चरण में वाराणसी सहित देश के 10 प्रमुख तीर्थ स्थलों के भ्रमण की सारी व्यवस्था आईआरसीटीसी करेगा।
कार्पोरेशन का मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बाद अब राजस्थान सरकार से भी समझौता हो गया है वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के साथ अंतिम दौर की वार्ता चल रही है।
आईआरसीटीसी ने सीनियर सिटीजन के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा की इस योजना में हिंदू, मुस्लिम और सिक्ख धर्म के तीर्थस्थलों को शामिल किया है।
पहले चरण में इन तीर्थ स्थलों के भ्रमण के लिए 25 हजार यात्रियों का चयन किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि एक जुलाई है।
25 हजार से अधिक आवेदन पर लॉटरी द्वारा चयन होगा। पांच से आठ दिन की यात्रा के लिए सभी मंडल मुख्यालय से एक हजार यात्रियों की क्षमता वाली स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी।
ट्रेन के सभी कोच में एक अटेंडेंट, मेडिकल की सुविधा होगी। भोजन, रहने, घूमने की पूरी व्यवस्थाएं आईआरसीटीसी करेगी।
65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग अपने साथ एक अटेंडेंट भी ले जा सकेंगे। प्रदेश सरकार भी 25 लोगों के ग्रुप पर एक अटेंडेंट की व्यवस्था करेगी।
रेलवे मंडल कार्यालय में होगा आवेदन
योजना का लाभ लेने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को अपने रेलवे मंडल मुख्यालयों से आवेदन पत्र मिलेगा जिसे भरकर वहीं जमा करना होगा।
रेलवे मुख्यालय इन आवेदनों की स्क्रूटनी कराएगा। इसके बाद आवेदन संबंधित जिले के जिलाधिकारी को भेज दिए जाएंगे। वही इन आवेदकों को सत्यापित करेंगे।
तीर्थ स्थल
वाराणसी, पुरी, गया, रामेश्वरम, वैष्णो देवी, तिरूपति, अमृतसर, द्वारिकापुरी, बिहार शरीफ, शिरडी।