कस्बा मधुबन से तीन जुलाई को लापता एक 14 वर्षीय किशोर 30 दिन बाद सकुशल लौट आया। किशोर के मुताबिक गोरखपुर के बड़हलगंज जाने के दौरान दोहरीघाट पुल से ट्रक सवारों ने उसका अपहरण कर लिया था। बाद में अपहर्ता इंदौर में एक ढाबे पर भोजन कर रहे थे तभी वह वहां से भाग निकला।
अभिषेक यादव निवासी क्रतपुरा थाना कोतवाली बड़हलगंज जनपद गोरखपुर की मधुबन थाना क्षेत्र निवासी सुदामा यादव के यहां ननिहाल है। वह यही रहकर पढ़ता था।
तीन जुलाई को अपने घर गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। उसके बाद से उसका पता नहीं था। 11 जुलाई को उसके नाना सुदामा यादव ने पुलिस को तहरीर दी। करीब तीस दिन बाद शनिवार को सकुशल लौट आए अभिषेक ने परिवारवालों के साथ थाने आ कर उसका अपहरण हो जाने की बात बताई।
अभिषेक के मुताबिक तीन जुलाई को वह घर जाने के लिए मधुबन से सवारी गाड़ी से दोहरीघाट पहुंचा। काफी इंतजार के बाद भी कोई वाहन नहीं मिलने पर वह पैदल ही बड़हलगंज जाने के लिए पुल से होते हुए चल दिया।