राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीकानेर जिले में जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले में फंसे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा का बचाव किया है।
उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार वाड्रा मामले को इसलिए उछाल रही है, क्योंकि वह सोनिया गांधी के दामाद हैं। गहलोत ने कहा कि अगर वाड्रा, वसुंधरा राजे के सांसद बेटे दुष्यंत सिंह तथा उनके पुत्र वैभव गहलोत की जांच हाईकोर्ट जज से कराई जाए तो पोल खुल जाएगी।
गहलोत ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कहा कि जिस जमीन की खरीद-फरोख्त की बात है उसके बारे में बार-बार कहा जाता है कि यह 2006 में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के विस्थापितों को दी गई थी। उस समय भाजपा की सरकार थी। जिन अधिकारियों ने संबंधित जमीनों के फर्जी पट्टे बनाए थे उनका कोई नाम तक नहीं ले रहा है।