उत्तर भारत में अब कोहरे का कहर शुरू होने वाला है। इसके मद्देनजर रेलवे ने पहली जनवरी से 18 फरवरी के बीच कई रूट की दो दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द अथवा परिवर्तित रूट से चलाने की घोषणा कर दी है। ये ट्रेनें कोहरे के कारण हर वर्ष काफी देरी से चलती हैं। इस वजह से यात्रियों को कंपकंपाती ठंड में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 1 जनवरी से 18 फरवरी के बीच आनंद विहार से सीतामढ़ी के बीच चलने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस (14005/14006), हटिया-आनंद विहार-हटिया झारखंड एक्सप्रेस (12873/74), उज्जैन एक्सप्रेस (14309/14310), कोटद्वार-दिल्ली-कोटद्वार के बीच चलने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस (14043/44), हावड़ा-दिल्ली-हावड़ा जनता एक्सप्रेस (13039), हावड़ा इलाहाबाद एक्सप्रेस (14115/16), वाराणसी देहरादून एक्सप्रेस (14265/14266), लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15011/12), जयपुर-अमृतसर एक्सप्रेस (1971/72), प्रयाग-बरेली एक्सप्रेस (14307/08), आगरा कैंट-नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-जालंधर-नई दिल्ली इंटरसिटी, इलाहाबाद-चंडीगढ़-इलाहाबाद एक्सप्रेस आदि ट्रेनें रद्द रहेंगी।
लालकिला एक्सप्रेस (13111/12) 1 जनवरी से 17 फरवरी के बीच मुगलसराय-दिल्ली-मुगलसराय के बीच ही चलेगी। हावड़ा-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस (13007/08) श्रीगंगानगर और मुगलसराय के बीच तथा कानपुर अनवरगंज-गोरखपुर-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस (15003/04) इलाहाबाद-कानपुर-अनवरगंज के बीच ही संचालित होगी।