पांच वर्ष की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद दिल्ली एक बार फिर शर्मशार हुई है।
बच्ची एम्स में मौत से संघर्ष कर रही है। उसके शरीर से मोमबत्ती और प्लास्टिक की शीशी भी मिली है।
इस वारदात ने चलती बस में भयावह गैंगरेप और घरेलू हिंसा की शिकार हुई मासूम फलक की घटनाओं की याद ताजा कर दी है।
गांधीनगर में मासूम के साथ हुई इस बर्बर घटना के बाद रही-सही कसर दिल्ली पुलिस ने पूरी कर दी जिसने हमदर्दी जताने अस्पताल पहुंचे लोगों पर थप्पड़ बरसा दिए।
रात को जागी दिल्ली पुलिस
यहां एक युवती को एक के बाद एक कई थप्पड़ मारने वाले एसीपी को सस्पेंड कर दिया गया है।
साथ ही मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में गांधीनगर थाने के एसएचओ धर्मपाल सिंह और सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह को भी निलंबित किया गया है।
मासूम से दुष्कर्म के साथ ही आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने बच्ची की हत्या करने का प्रयास भी किया।
सरकार के खिलाफ गुस्सा
दिसंबर में गैंगरेप की घटना के बाद जो माहौल दिल्ली और देश की सड़कों पर बना था, बच्ची से बर्बरता को लेकर काफी-कुछ वैसा ही माहौल फिर से बनता दिख रहा है।
बृहस्पतिवार को मासूम को शाहदरा स्थित स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह से ही अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गुस्साए लोगों ने पुलिस और दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले की नजाकत को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
बच्ची की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे एम्स में शिफ्ट किया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
आरोपी किराएदार अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की कई टीमें बिहार समेत अन्य स्थानों पर रवाना की गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी मनोज (25) बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। उस पर दुष्कर्म के अलावा हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया गया है।
वह आठ दिन पहले ही गांधीनगर के मकान में किराए पर रहने पहुंचा था।
मामला रफादफा करना चाहती थी पुलिस
बच्ची के परिजनों का आरोप है कि गांधीनगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म की घटना के बाद दो हजार रुपये देकर मामले को रफादफा करने का प्रयास किया।
पुलिस ने यह ऑफर बिटिया के पिता को दिया था। पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने आरोप को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एसीपी ने युवती को थप्पड़ जड़े, निलंबित
अस्पताल में एक युवती ने जब घटना पर स्वास्थ्य मंत्री से बात करने की कोशिश की तो खजूरीखास के एसीपी बेनी सिंह अहलावत ने उसे एक के बाद एक चार थप्पड़ जड़ दिए। इससे युवती के कान से खून बहने लगा। एसीपी को निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली सरकार के मंत्रियों का घेराव
मासूम का हाल जानने स्वामी दयानंद अस्पताल पहुंचे दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री एके वालिया को भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा।
बड़ी मुश्किल से पुलिस उत्तेजित भीड़ से उन्हें बचाकर बाहर ले जा सकी। इसके बाद पूर्वी दिल्ली सांसद संदीप दीक्षित को भी भीड़ के ताने सुनने को मिले।
अस्पताल के बाहर भीड़ ने दिल्ली की महिला एवं बाल विकास मंत्री किरण वालिया की कार को घेर लिया और उन्हें कार से नीचे नहीं उतरने दिया।
उन्हें बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। लोगों का कहना था कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज करने में आनाकानी की।
ग्राउंड फ्लोर पर कैद थी बच्ची
मासूम का परिवार गांधीनगर के एक मकान में पहली मंजिल पर किराए पर रहता है। माता-पिता मजदूरी करते हैं। 15 अप्रैल को घर के बाहर खेलते हुए मासूम अचानक गायब हो गई।
परिजन जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें थाने के चक्कर कटाना शुरू कर दिया। 17 अप्रैल की शाम को उसी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे से बच्ची के रोने की आवाज आई।
कमरे पर ताला लगा था। ताला तोड़कर देखा तो वह फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ी थी। उसके अंगों पर गहरे ज़ख्म थे। दो दिनों से उसने कुछ खाया-पीया भी नहीं था।
अस्पताल में पता चला कि मासूम को हवस का शिकार बनाया गया। आरोपी ने मासूम के शरीर में मोमबत्ती और प्लास्टिक की शीशी भी डाल दी थी।
बच्ची की सर्जरी कर उसके शरीर से मोमबत्ती और 200 एमएल की शीशी निकाली गई है। उसे गंभीर चोटें दी गई हैं। वह गंभीर इन्फेक्शन से जूझ रही है।
उसके लिए अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम हैं। यह मामला हमारे डॉक्टरों की टीम के सामने आए सबसे गंभीर मामलों में से एक है।
डॉ. आरके बंसल, स्वामी दयानंद अस्पताल
पीएम बेहद दुखी, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बेहद दुखी हैं।
पीएमओ से जारी बयान में कहा गया है कि पीएम ने विरोध प्रदर्शन कर रही युवती को थप्पड़ मारने की घटना पर भी नाराजगी जाहिर की है।
साथ ही दिल्ली के उप राज्यपाल को मामले में दोषी पुलिसवालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है। प्रधानमंत्री ने समाज से रेप जैसी बुराइयों को खत्म करने की अपील की है।
वहीं, गृह मंत्रालय ने भी इस घटना की रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर से तलब की है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने इस मामले को लेकर गृह मंत्रालय को जानकारी दी।