पाक के साथ वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी की तर्ज पर भारत अब बांग्लादेश के साथ लगती सीमा पर भी इस तरह का आयोजन करने जा रहा है।
करीब एक महीने बाद दोनों देशों के जवान पेट्रापोल (भारत) और बेनापोल (बांग्लादेश) फ्रंटियर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी को अंजाम देंगे।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के प्रमुख सुभाष जोशी ने शुक्रवार को यहां कहा कि इस कदम से दोनों देशों के बीच मित्रता और विश्वास का माहौल बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि हमने चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत सीमा पर कई जगह ऐसे कार्यक्रम (बीटिंग रिट्रीट) आयोजित करने का फैसला किया है। बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी पूर्वी हिस्से में तीन और जगहों पर आयोजित किए जाने की योजना है।
इसमें चंग्राबांधा-बरीमारी बॉर्डर (त्रिपुरा क्षेत्र), अखौरा और फुलबारी-बांग्लाबांधा फ्रंटियर्स (पश्चिम बंगाल क्षेत्र) शामिल है। यह सभी क्षेत्र करीब 4096 किलोमीटर के भारत-बांग्लादेश बॉर्डर का हिस्सा हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार बीएसएफ की योजना पेट्रापोल-बेनापोल बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी के दौरान महिला सैन्य कर्मियों को भी तैनात करने की है।
जोशी सीमा संबंधी मुद्दों पर बांग्लादेश के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को संपन्न हुई पांच दिवसीय वार्ता के खत्म होने पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। पांच दिवसीय बैठक में बांग्लादेश के 23 सदस्य प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था।