एएमयू में सर सैयद डे के अवसर पर बुधवार देर रात जश्न के दौरान छात्रों ने जमकर उपद्रव किया। इस दौरान हुए पथराव, फायरिंग और मारपीट में आरएएफ के असिस्टेंट कमांडेंट, इंस्पेक्टर और सीओ सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है उपद्रवियों में कुछ बाहरी तत्व भी शामिल थे।
पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए छात्रों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इसके बाद भी स्थिति नियंत्रित न होने पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। देर रात तक पुलिस और उपद्रवकारियों में झड़प जारी थी। डीआईजी सहित कई थानों का फोर्स मौके पर तैनात था। इस पूरे मामले पर विवि प्रशासन की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया देने के लिए उपलब्ध नहीं हो पाया था।
यह परंपरा है कि दिन में सर सैयद डे के आयोजनों के बाद रात को छात्र विवि की इमारतों पर रोशनी और सजावट देखने के लिए कैंपस में आ जाते हैं। बुधवार की शाम को भी भारी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी सर्किल पर इकट्ठा हुए। विवि सूत्रों के मुताबिक इस भीड़ में बाहरी तत्व भी थे।
गत वर्षों के अनुभव को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही फोर्स तैनात कर दिया गया था। रात 9.00 बजे पीएसी के एक जवान द्वारा एक छात्र से टोकाटाकी की बात कही गई जिसे समझा बुझा कर शांत कर दिया गया। इस बीच सर्किल से लेकर लाल डिग्गी तिराहे तक उपद्रवियों का बाइकों पर रौला काटना जारी रहा।
कुछ देर बात ही हंगामा बढ़ गया और हंगामा करने वालों ने पत्थरों के साथ गन्ने आदि सुरक्षा बलों पर फेंकने शुरू कर दिए। समझाने का प्रयास विफल होने पर डीअईजी प्रकाश डी के नेतृत्व में लाठी चार्ज करते हुए अश्रु गैस के गोले छोड़े गए। इस पर उपद्रवकारी और भड़क गए और फायरिंग और पथराव तेज कर दिया।
इसमें असिस्टेंट कमांडेंट कर्पूर बाबुला, सब इंस्पेक्टर छोटो लाल, आरएएफ, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह सहित अन्य कांस्टेबल, सीओ सेकेंड संसार सिंह राठी सहित अन्य घायल हो गए। इस बीच एडीएम सिटी को घेरने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। देर रात तक संर्घष जारी है।